Breaking News

6/recent/ticker-posts

Advertisement

What is the connection of Arvind Kejriwal's arrest with Chandrapur? : अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का चंद्रपुर से क्या है कनेक्शन ?


भद्रावती के कोल माइंस अरबिंदो ग्रुप ने क्यों दिया 52 करोड़ का बॉन्ड ?

BJP को मिले 34 करोड़ 50 लाख रुपयों के पीछे का क्या है रहस्य ? 

आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर देश में बवाल मचा हुआ है। कथित शराब घोटाला मामले में अब ईडी के सरकारी गवाह शरथ चंद्र रेड्‌डी द्वारा BJP को करोड़ों का चंदा देने का मामला उजागर हुआ है। आपको जानकार यह आश्चर्य होगा कि इस शरथ चंद्र रेड्‌डी का संबंध अरबिंदो फार्मा लिमिटेड नामक उस कंपनी से है, जिसकी एक इकाई चंद्रपुर जिले के भद्रावती तहसील में कोयला खनन पट्‌टा पा चुकी है। यहां के किसानों की जमीन कौड़ियों के भाव में खरीदने और अन्य अनेक प्रकार की गड़बड़ी करने के गंभीर आरोप इस कंपनी पर लगे हैं। यह वही अरबिंदो ग्रुप है, जिसने इलेक्टोरल बॉन्ड के रूप में राजनीतिक दलों को 52 करोड़ का चंदा दिया है।


केजरीवाल गिरफ्तारी मामले का चंद्रपुर कनेक्शन

आप के अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किये जाने के बाद ईडी के सरकारी गवाह शरथ चंद्र रेड्‌डी का नाम उभरकर सामने आया। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अरबिंदो फार्मा के निदेशक पी शरथ चंद्र रेड्‌डी को गिरफ्तार किये जाने के बाद महज 5 दिनों में ही अर्थात नवंबर 2022 में उनके कंपनी ने 5 करोड़ रुपये BJP के झोली में डाल दिये थे। अरबिंदो ग्रुप की एक इकाई अरबिंदो रियलिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड है। यह एक खनन कंपनी है। इनका मुख्यालय हैदराबाद में है। वर्तमान में अरबिंदो ग्रुप खनन क्षेत्र में 7 परियोजनाओं का क्रियान्वयन कर रहा है। 30 साल की लीज पर इन्हें कोल ब्लॉक मिले हैं। इनमें से एक ब्लॉक चंद्रपुर जिले में टाकली जेना बेलोरा में है।


550% से अधिक की उछाल के साथ 1,645 मिलियन रुपये

कंपनी के निदेशकों में अरबिंदो फार्मा के संस्थापक पीवी रामप्रसाद के बेटे रोहित रेड्डी और रिश्तेदार पेनाका सुनीला रानी रेड्डी शामिल हैं। इस खनन इकाई कंपनी का गठन 4 साल पहले ही हुआ था। 10 अगस्त 2020 को अरबिंदो रियल्टी ने अपनी अधिकृत शेयर पूंजी 160 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 185 करोड़ रुपये कर दी। बाद में उसी महीने में, इसने एक विदेशी इकाई - मेसर्स एगेले चेरी एलएलसी को 2.24 करोड़ से अधिक इक्विटी शेयर आवंटित किए। इसके एवज में कंपनी को 156 करोड़ रुपये की रकम मिली। एमसीए की वेबसाइट पर मिले वर्ष 2018 और 2019 के लिए कंपनी के लाभ और हानि खाते से पता चलता है कि 2 वर्षों में राजस्व में काफी तेज वृद्धि हुई है। कंपनी की आय, जो लाखों में दर्ज है, वर्ष 2018 में 253 मिलियन रुपये थी। अगले वित्तीय वर्ष में, 550% से अधिक की उछाल के साथ 1,645 मिलियन रुपये हो गई। 


बाघों के अधिवास परिसर में दे दिया अरबिंदो को कोल ब्लॉक

भद्रावती के टाकली, जेना बेलोरा में स्थित कोल ब्लॉक को अरबिंदो ग्रुप के लिए आवंटित किया गया। गत दिनों पूर्व जिला वन्यजीव वार्डन बंडू धोत्रे ने इस परिसर से सटे जंगलों में निवास व भ्रमण करने वाले बाघों तथा अन्य जीवों के लिए इस तरह से कोल ब्लॉक के आवंटन को लेकर सवाल उठाया था। क्योंकि कोयले के उत्खनन के पूर्व निकलने वाली बेतहाशा मिट्‌टी को ओवरबर्डन (खुदी हुई मिट्टी के टीले) के रूप में परिसर में रखा जाता है। इससे बाघों के विचरण में दिक्कत होती है।


अरबिंदों के खिलाफ भद्रावती वासियों की शिकायत

भद्रावती तहसील के बेलोरा, किलोनी, टाकली, सोमनाला गांव के सैंकड़ों किसानों की उपजाऊ खेत भूमि को अरबिंदो कंपनी ने गैरकानूनी ढंग से बोगस फेरबदल किया। किसानों को बिना नोटिस दिये कंपनी ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया। जब किसानों ने अरबिंदो कंपनी के चंद्रपुर स्थित तुकूम कार्यालय में पूछताछ की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। बेलोरा ग्रामीणों द्वारा इस कंपनी के कार्य को बंद करने की चेतावनी दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस कंपनी में कर्मचारी के तौर पर कुछ रिटायर्ड तहसीलदार,नायब तहसीलदार, मंडल अधिकारी व पटवारी भी कार्यरत है। यह जानकारी विनोद खोब्रागडे ने दी है। 

अरबिंदो के कौन है निदेशक और कितने करोड़ मिले BJP को ?

अरबिंदो फार्मा लिमिटेड कंपनी के निदेशकों में के. रघुनाथन, के. नित्यानंद रेड्‌डी, पी.वी. रामप्रसाद रेड्‌डी, एम. मदन मोहन रेड्‌डी, पी. शरथचंद्र रेड्‌डी, सविता महाजन, गिरिश पमन वनवरी, संतनु मुखर्जी, डॉ. सत्कर्णी मक्कापति तथा डॉ. दीपाली पंथ जोशी का समावेश है। इस कंपनी ने 3 अप्रैल 2021 को 2 करोड़ 50 लाख रुपयों के इलेक्टोरल बॉन्ड खरीदे जो तेलगू देशम पार्टी को दिये गये। पश्चात 5 जनवरी 2022 को 3 करोड़ के बॉन्ड भाजपा को, 8 अप्रैल 2022 को 15 करोड़ के बॉन्ड भारत राष्ट्र समिति को, 2 जुलाई 2022 को 1 करोड़ 50 लाख के बॉन्ड भाजपा को, 15 नवंबर 2022 को 5 करोड़ के बॉन्ड पुन: भाजपा को तथा 8 नवंबर 2023 को कुल 25 करोड़ के बॉन्ड भाजपा के ही झोली में डाले। कुल मिलाकर 52 में से 34 करोड़ 50 लाख रुपयों का चंदा अरबिंदो ने भाजपा को दिया है।